तीन चोर और एक मैकेनिक_ हल्द्वानी से भीमताल तक ऐसे चलता था पूरा नेटवर्क,6बाइक बरामद

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोरों का नैनीताल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के तीन सदस्य बाइक चोरी करते थे, जबकि मुखानी का एक मैकेनिक चोरी की बाइकों को ठिकाने लगाने का काम करता था। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी मौका देखकर हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र से बाइक चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिलें मुखानी निवासी मैकेनिक विजय श्रीवास्तव को बेच देते थे।

पुलिस के मुताबिक, मैकेनिक विजय श्रीवास्तव चोरी की बाइकों को आगे बेचने के लिए उत्तर प्रदेश से खरीदार बुलाता था। कई बार वह नई मोटरसाइकिलों के पार्ट्स अलग-अलग कर उन्हें बेच देता था। बाइक या उनके पार्ट्स बेचकर मिलने वाली रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

सीसीटीवी फुटेज से खुला चोरी का राज

लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। सीसीटीवी फुटेज और सुरागों के आधार पर पुलिस ने 5 नवंबर को गौला बाईपास रोड पर कार्रवाई करते हुए तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मैकेनिक की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

ये चार आरोपी हुए गिरफ्तार

1.करन पाठक निवासी आरटीओ रोड, मुखानी।

2.योगेश कुमार आर्या निवासी प्रेमपुर लोश्यानी, मुखानी।

3.दीपक शर्मा निवासी आरटीओ रोड, मुखानी।

4.विजय श्रीवास्तव निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी (मैकेनिक)।

पुलिस ने आरोपियों से कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें तीन बाइक मुख्य आरोपियों के कब्जे से और तीन बाइक मैकेनिक विजय श्रीवास्तव के कब्जे से मिलीं। बरामद मोटरसाइकिलें बनभूलपुरा, मुखानी, हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। इस कार्रवाई से बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News