हल्द्वानी के प्रतिष्ठित क्वींस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रबंधक आर.पी. सिंह, प्रबंधिका श्रीमती लिल्ली सिंह, प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह कार्की व श्रीमती स्नेहा कार्की तथा प्रधानाचार्य डाॅ. बी.बी. पांडे ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विद्यार्थियों ने मार्चपास्ट से तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद सरस्वती पूजा, टीका व प्रसाद वितरण के साथ विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
प्रबंधक आर.पी. सिंह ने विद्यार्थियों को तिरंगे के सम्मान का संदेश देते हुए झंडे को जमीन पर न गिराने और उसका अपमान न करने की अपील की। प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों व शिक्षकों का आभार जताया। अंत में मिठाई और लड्डू वितरित किए गए।





