पहचान साबित करने निकला बुजुर्ग_ 8 दिन से लापता

खबर शेयर करें -

Nainital/कालाढूंगी। एक तरफ उम्र का आखिरी पड़ाव, दूसरी तरफ लंबी बीमारी और चारपाई से बंधी जिंदगी… इसी बीच SIR का नोटिस मिलने के बाद अपनी पहचान के दस्तावेज जुटाने घर से निकले करीब 80 वर्षीय शौकत अली अब आठ दिन से लापता हैं। परिवार का कहना है कि वह घर से तो निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। बुजुर्ग की तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे हैं और घर में मातम जैसा माहौल है।

कालाढूंगी के वार्ड नंबर चार निवासी शौकत अली पुत्र चुन्नू खान अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहते थे। मजदूरी कर किसी तरह परिवार का गुजर-बसर करने वाले शौकत अली उम्र बढ़ने के साथ काम छोड़ चुके थे। बताया जा रहा है कि लंबे समय से बीमारी के कारण वह काफी कमजोर हो गए थे और ज्यादातर समय चारपाई पर ही रहते थे।

इसी बीच निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत उनके नाम का नोटिस परिवार को मिला। नोटिस मिलने के बाद पुरानी पहचान और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए शौकत अली 8 अगस्त को घर से निकले थे। लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे।

शौकत अली की बेटी नाजिया ने बताया कि उनके पिता करीब 80 वर्ष के हैं और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। 8 अगस्त को SIR का नोटिस मिलने के बाद वह पहचान से जुड़े सबूत जुटाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।

परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आठ दिन बीत जाने के बाद भी बुजुर्ग के वापस नहीं लौटने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

नाजिया ने बताया कि पिता की तलाश में परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हर गुजरते घंटे के साथ उनकी चिंता बढ़ रही है और परिवार किसी अनहोनी की आशंका से परेशान है।

परिजनों ने शौकत अली के लापता होने की सूचना कालाढूंगी कोतवाली पुलिस को दे दी है। पुलिस के अनुसार उन्हें बुजुर्ग के लापता होने की लिखित सूचना प्राप्त हुई है और उसके आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।

फिलहाल परिवार की सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि शौकत अली सकुशल घर लौट आएं और उनकी आठ दिन से चल रही तलाश खत्म हो।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News