Nainital – 16 सितंबर से होगा नंदा देवी मेला महोत्सव का भव्य आयोजन..

खबर शेयर करें -

नैनीताल में 124वां नंदा देवी मेला महोत्सव 16 से 23 सितंबर 2026 तक भव्य और दिव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक की और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि नंदा देवी मेला केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि जनपदवासियों की आस्था, लोकसंस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। इसलिए मेले में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय लोक परंपरा पर आधारित होंगे और उत्तराखंड के लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

मेले में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए हाउस ऑफ हिमालया, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही पूरे नगर को विद्युत लाइटों से सजाया जाएगा और ठंडी सड़क सहित प्रमुख क्षेत्रों में विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।

प्रशासन ने मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए हैं। सफाई, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड, सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शराब की दुकानें बंद रहेंगी

बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि मुख्य मेले के दिन नैनीताल मुख्यालय की सभी ठेका मदिरा की दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेंगी, ताकि मेले का धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण पूरी तरह शांतिपूर्ण बना रहे।

Breaking News