हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस और प्रशासन ने अब अपराध में इस्तेमाल किए गए ठिकाने पर भी शिकंजा कस दिया है। चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने रविवार को मुखानी स्थित त्रिशूल होमस्टे को सील कर दिया।
आरोप है कि होमस्टे में नाबालिग को बिना आईडी सत्यापन के कमरा उपलब्ध कराया गया था और इसी परिसर का इस्तेमाल जघन्य अपराध को अंजाम देने के लिए किया गया।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस ने शनिवार को मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद रविवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्रिशूल होमस्टे पर कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को सील कर दिया। जांच में सामने आए आईडी सत्यापन और होमस्टे संचालन से जुड़े नियमों के उल्लंघन को लेकर भी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई को महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के साथ-साथ नियमों को ताक पर रखकर अपराधियों को ठिकाना उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।







