मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के लिए छह महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी।
राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
1.कालाढूंगी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे।
2.ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में नई सड़क का निर्माण किया जाएगा।
3.कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण होगा।
4.गोडापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।
5.कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
6.पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार देने के लिए 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।
इन घोषणाओं से क्षेत्र में सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर महिला जिप्सियों के पंजीकरण की घोषणा को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और पर्यटन क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने समारोह में 22 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति केवल परिवार की आधारशिला नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। महिलाओं का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उन्हें समान अवसर, निर्णय लेने की स्वतंत्रता और आत्मनिर्भर बनने का अधिकार मिले।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई महिला कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए उज्ज्वला, जनधन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। मुख्यमंत्री ने एक दिसंबर को 5.20 लाख महिलाओं के खातों में दो किस्तों के माध्यम से धनराशि भेजने की भी घोषणा की।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 3.50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से लगभग 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके परिवार का दुख सभी का दुख है। उन्होंने दावा किया कि मामले में दोषियों को अदालत से आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है और पीड़ित परिवार की मांग पर सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश भी की है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार से सवाल पूछना लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन सवाल तथ्यों के आधार पर होने चाहिए और न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान भी जरूरी है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।







