उत्तराखंड_सड़क पर गिरे बिजली के तार ने मां और मासूम बेटी की जिंदगी छीनी..

खबर शेयर करें -

सड़क पर टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से 26 वर्षीय महिला और उसकी महज दो साल की बेटी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तार में करंट प्रवाहित हो रहा था और सड़क पर जमा पानी भी करंट की चपेट में आ गया था।

यह बेहद दुखद और दर्दनाक खबर ऋषिकेश के खदरी क्षेत्र से है। बताया जा रहा है। रविवार शाम सुमन अपनी दो साल की बेटी सृष्टि और बेटे के साथ घर लौट रही थी। सड़क पर पानी भरा हुआ था। इसी दौरान महिला का पैर पानी में पड़ा और वह अचानक गिर गई। पास मौजूद बेटी भी उसकी चपेट में आ गई। कुछ ही पलों में मां-बेटी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं।

मां को गिरता देख मासूम बेटा मदद के लिए घर दौड़ा।परिजन मौके पर पहुंचे तो सड़क पर बिजली का तार पड़ा था। दोनों को तत्काल एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि दो वर्षीय सृष्टि ने अपनी मां की गोद में ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। एम्स ऋषिकेश में हंगामा करते हुए लोगों ने ऊर्जा निगम पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

₹8 लाख मुआवजे के ऐलान पर भी भड़के ग्रामीण

विद्युत विभाग की ओर से अधिशासी अभियंता शक्ति सिंह ने पीड़ित परिवार को 8 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। हालांकि, ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना था कि मुआवजा किसी मां और मासूम बच्ची की जान की भरपाई नहीं कर सकता। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की जांच की मांग की।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान ने भी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों समेत संबंधित अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज करने और उन्हें पद से हटाने की मांग की।

वहीं, ऋषिकेश एसडीएम कुमकुम जोशी ने कहा कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों को पहले भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे। जिनके स्तर से समय पर कार्रवाई नहीं हुई, उनकी जिम्मेदारी तय कर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

हादसा या लापरवाही ?

इस हादसे ने ऊर्जा निगम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर बिजली का तार टूटकर सड़क पर कैसे गिरा? उसमें करंट क्यों प्रवाहित होता रहा? क्या समय रहते बिजली सप्लाई बंद नहीं की जा सकती थी?

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News