हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालय MBPG कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव निर्णायक मोड़ पर है। अध्यक्ष पद के लिए ABVP के धीरज बिष्ट, NSUI के मेहुल शाह और निर्दलीय आर्यन बेलवाल के बीच सीधा मुकाबला है। कॉलेज के 9 पदों के लिए कुल 74 प्रत्याशी मैदान में हैं। निर्धारित समय 2:00 बजे मतदान की प्रक्रिया संपन्न हो गई है।
सायरन बजते ही कॉलेज के गेट बंद कर दिए गए इसके बाद किसी को भी एंट्री नहीं दी जा रही है। केवल जो मतदाता अभी तक कॉलेज परिसर के अंदर हैं और अभी वोट नहीं डाल पाए हैं उनको ही वोट डालने की इजाजत है
मतदान के आखिरी दौर में कॉलेज परिसर से लेकर नैनीताल रोड तक सियासी और छात्र राजनीति का पूरा रंग दिखाई दिया। चुनाव भले ही छात्रसंघ का हो, लेकिन मैदान में बड़े राजनीतिक चेहरों की मौजूदगी भी दिख रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, हल्द्वानी विधायक समेत कई राजनीतिक चेहरे और समर्थक चुनावी माहौल में सक्रिय नजर आए। छात्र संघ चुनाव में ABVP और NSUI ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है।
चेकिंग के दौरान एक छात्र के पास ब्लूटूथ डिवाइस जैसी वस्तु मिलने पर उसे वापस भेज दिया गया।
कॉलेज के 18 बूथों पर CCTV से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल के साथ कॉलेज का प्रॉक्टोरियल बोर्ड भी तैनात है।
वहीं कॉलेज के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ के चलते पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बीच-बीच में हंगामे और भीड़ बढ़ने की स्थिति में पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को पीछे किया। नैनीताल रोड पर प्रत्याशियों के समर्थकों का जमावड़ा चुनावी माहौल की गर्मी साफ दिखा रहा है।
मतदान समाप्त होते ही दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी और आज ही विजयी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर शपथ ग्रहण कराया जाएगा। अब नजरें उस नतीजे पर हैं, जो तय करेगा कि MBPG का अगला छात्रसंघ किंग कौन होगा_धीरज, मेहुल या आर्यन ?





