उत्तराखंड _ रात 1:00 बजे पुलिस को सूचना मिली जिसके बाद पुलिस ने आईआईटी हॉस्टल के बंद कमरे में छात्र के शव को बाहर निकाला।
आईआईटी रुड़की के गोविंद भवन हॉस्टल में शुक्रवार देर रात एक 20 वर्षीय छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब एक बजे आईआईटी के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। छात्रावास के दूसरे तल पर स्थित कमरा नंबर बीएस-10 अंदर से बंद था। दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्डों की मदद से उसे तोड़ा गया।
मृतक की पहचान आयुष रजौरिया (20), पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक ने जांच के बाद मौत करीब पांच से छह घंटे पहले होने की जानकारी दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया गया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। छात्र के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







