हल्द्वानी _मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट करने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में नैनीताल जिले में कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है। जिले में 2,35,085 नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 2,30,222 नोटिस मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं। वहीं अब तक 69,318 नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।
सोमवार को हल्द्वानी तहसील सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ SIR-2026 को लेकर बैठक हुई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने की।
6.93 लाख मतदाता, हर नाम की हो रही जांच
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए नोटिस वितरण के साथ दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चल रही है। इसका मकसद है_कोई पात्र व्यक्ति वोट के अधिकार से बाहर न हो और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न रहे।
नैनीताल जिले की प्रारूप निर्वाचक नामावली में कुल 6,93,325 मतदाता पंजीकृत हैं।
1.88 लाख Anomaly, 47 हजार No Mapping
SIR के दौरान आधुनिक तकनीक के जरिए मतदाता सूची में संभावित विसंगतियों की भी पहचान की गई है। जिले में करीब 1,88,054 मामले Anomaly श्रेणी में और 47,031 मामले No Mapping श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं।
इन मामलों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी कर जांच और सुनवाई की प्रक्रिया की जा रही है।
दावे-आपत्तियों के आंकड़े भी सामने आए
अब तक जिले में: फॉर्म-6 के 12,450
फॉर्म-7_11,599
फॉर्म-8_ 7,190 प्राप्त हो चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नोटिसों पर सुनवाई और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
मतदाताओं से अपील_गलती है तो दावा जरूर करें
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या नाम, पता, उम्र, फोटो अथवा किसी अन्य विवरण में गलती है, तो निर्धारित अवधि के भीतर फॉर्म-6, फॉर्म-7 या फॉर्म-8 के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।
बैठक में एसडीएम हल्द्वानी मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. बाजपेई समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें बसपा से हरीश सिनौली व संजू, कांग्रेस से मनोज शर्मा, प्रकाश, अनिल अग्रवाल भट्ट व प्रकाश पटवाल तथा भाजपा से आनंद सिंह व मनीष पाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।
Nainitallive
SIR2026 #Nainita #Haldwanil #VoterList #ElectionCommission





