हल्द्वानी। एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तर के सरस मेले 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे।
मेले की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन समेत सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने मेले के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने और उसमें विद्युत, लोनिवि, जल संस्थान, पुलिस, फायर व वन विभाग समेत प्रमुख विभागों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने 30 अक्टूबर से पहले मेले से जुड़ी सभी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के भी निर्देश दिए।
संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने तथा नगर निगम को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पर्यटन एवं संस्कृति विभाग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेगा।
मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सीडीओ ने कहा कि सरस मेला जिले का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करें। व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।







