आंचल ने जारी की नई रेट लिस्ट, 50 रुपये तक बढ़े दाम_ दूध की नई कीमतें भी जान लीजिए

खबर शेयर करें -

लालकुआं। महंगाई का एक और झटका आम उपभोक्ताओं को लगने जा रहा है। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब उत्तराखंड के आंचल ब्रांड ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों के दाम बढ़ा दिए हैं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने नई मूल्य सूची जारी कर दी है। संशोधित दरें 20 नवंबर 2026 यानी कल से लागू होंगी।

दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आंचल के दूध, पनीर और क्रीम समेत विभिन्न उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। नई सूची के मुताबिक अलग-अलग उत्पादों पर 2 रुपये से लेकर 50 रुपये तक की वृद्धि हुई है।

दूध की नई कीमतें भी जान लीजिए

आंचल गाय का दूध अब 58 रुपये के बजाय 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क की कीमत 60 से बढ़ाकर 63 रुपये और डबल टोंड दूध की कीमत 54 से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

वहीं आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के 6 लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये और शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के 6 लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये कर दी गई है।

पनीर और क्रीम भी हुए महंगे

दूध के साथ ही पनीर और क्रीम खरीदने के लिए भी अब उपभोक्ताओं को ज्यादा जेब ढीली करनी होगी। आंचल पनीर का 180 ग्राम पैक 80 रुपये के बजाय 85 रुपये में मिलेगा। वहीं क्रीम के एक किलोग्राम पैक की कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये कर दी गई है। यानी क्रीम के एक किलो पैक पर सीधे 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर को अमूल, मदर डेयरी और अन्य निजी दुग्ध कंपनियों ने भी अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ाई थीं। अब आंचल की नई मूल्य सूची जारी होने के बाद 20 नवंबर से उपभोक्ताओं को दूध और दुग्ध उत्पादों के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी।

दुग्ध संघ के अनुसार नई दरें निर्धारित तिथि से सभी संबंधित उत्पादों की बिक्री पर लागू होंगी।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad
Breaking News