हल्द्वानी। मतदाता सूची को और अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए चल रहे SIR-2026 अभियान में नैनीताल जिले ने बड़ी प्रगति दर्ज की है। जिले में अब तक 99.76% नोटिस संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं, जबकि 76.77% मामलों की सुनवाई भी पूरी हो चुकी है।
24 अगस्त को तहसील हल्द्वानी के एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक हुई। बैठक में SIR की प्रगति, दावे-आपत्तियों और मतदाता सूची को लेकर चल रही प्रक्रिया की जानकारी साझा की गई।
करीब 7 लाख मतदाताओं की सूची पर काम
जिले में कुल 6,93,325 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 2,35,085 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 2,34,524 यानी 99.76% नोटिस की तामील हो चुकी है। वहीं 1,80,061 मामलों यानी 76.77% की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
SIR के तहत अब तक 18,027 फॉर्म प्राप्त हुए हैं। इनमें नए नाम जोड़ने के लिए 6,133 फॉर्म-6, 32 फॉर्म-6A, आपत्तियों के लिए 9,942 फॉर्म-7 और अन्य सुधार/विलोपन से जुड़े 1,787 फॉर्म-8 शामिल हैं।
दावे-आपत्तियों पर होगी निर्णायक कार्रवाई
प्रशासन के मुताबिक दावे और आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाएगा। जिन मतदान केंद्रों पर अपमार्जन 2% से अधिक है, वहां ERO द्वारा व्यक्तिगत सत्यापन भी किया जाएगा।
11 सितंबर 2026 तक सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जानी है, जबकि 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित होगी।
प्रशासन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी प्रक्रिया में सहयोग करने और मतदाता सूची से जुड़े दावे-आपत्तियों की जानकारी पर नजर रखने की अपील की है।





