Nainitallive
हल्द्वानी – जिला पंचायत नैनीताल की बोर्ड बैठक शुक्रवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 14 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही विकास, प्रशासन और जनहित से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में पारित बजट के अनुसार करीब 11 करोड़ रुपये विकास एवं निर्माण कार्यों पर खर्च किए जाएंगे, जबकि लगभग 3 करोड़ रुपये अन्य मदों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में लिए गए बड़े फैसले
बोर्ड ने काठगोदाम डाक बंगले में जिला पंचायत कार्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। साथ ही भीमताल डाक बंगले के व्यावसायिक उपयोग को भी हरी झंडी दी गई।
इसके अलावा जिला पंचायत के अधीन संचालित दुकानों के किराए में 25 प्रतिशत बढ़ोतरी का फैसला लिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित की जा रही नई चौपाटियों के लिए लाइसेंस शुल्क तय करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को भी राहत
बैठक में जिला पंचायत कर्मचारियों को एसीपी (ACP) और पदोन्नति का लाभ देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वहीं जिला पंचायत सदस्यों ने मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर अध्यक्ष ने सहमति जताते हुए इसे आगे की कार्रवाई के लिए शासन को भेजने का आश्वासन दिया।
जंगली जानवरों से सुरक्षा और सफाई पर विशेष जोर
वन क्षेत्रों से लगे ग्रामीण इलाकों में जंगली जानवरों से किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी स्थानों पर तारबाड़ (फेंसिंग) कराने पर भी सहमति बनी।
जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए आठ नए वाहनों की व्यवस्था के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि दूरदराज के गांवों में भी कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा मिल सके।
पार्किंग और परिसंपत्तियों पर भी हुई चर्चा
बैठक में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और जिला पंचायत की दुकानों एवं अन्य परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने और जनहित की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी मंथन हुआ।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी, सभी जिला पंचायत सदस्य एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
NainitalZilaPanchayat
UttarakhandNews
Budget2026
LocalGovernance
DevelopmentUpdate





