उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की कैबिनेट बैठक अब देहरादून से बाहर हरिद्वार में होने जा रही है। 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे हरिद्वार स्थित सीसीआर भवन के सभागार में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक प्रस्तावित है।
बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की तारीख तय करने पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा चमोली जिले के गैरसैंण में 21 से 24 अक्टूबर के बीच कैबिनेट बैठक आयोजित करने की तैयारी भी बताई जा रही है। सत्र की तारीख पर निर्णय के बाद विधानसभा सचिवालय आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा।
चंपावत के बाद हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। हरिद्वार धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार, शहरी विकास और गंगा से जुड़े मुद्दों के लिहाज से महत्वपूर्ण जिला है। ऐसे में देहरादून से बाहर बैठकें करने की रणनीति को चुनाव से पहले प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंच बनाने और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।







