लालकुआं। जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने कमर कस ली है। संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने जनपद की 710 दुग्ध उत्पादक समितियों के जरिए करीब 34 हजार परिवारों तक जागरूकता पहुंचाने की पहल की है। इसके तहत दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खाद्य पूर्ति अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारी मोहित कठायत ने जनगणना के प्रथम चरण और ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी। बैठक में तय किया गया कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की सभी दुग्ध समितियों के सचिवों एवं पदाधिकारियों के माध्यम से परिवारों को जागरूक किया जाएगा।
मुकेश बोरा ने कहा कि जनगणना के सटीक आंकड़े ही देश की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों का आधार बनते हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने समितियों के सचिवों को पत्र भेजकर दुग्ध उत्पादकों से व्यक्तिगत संपर्क करने और उन्हें स्व-गणना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना
उन्होंने बताया कि नैनीताल जिले में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर मोबाइल या लैपटॉप के जरिए अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर मिलने वाली 11 अंकों की स्व-गणना आईडी सुरक्षित रखनी होगी और बाद में प्रगणक के घर पहुंचने पर उपलब्ध करानी होगी।
बैठक में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, संजय सिंह भाकुनी, सुभाष बाबू और कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







