Haldwani_ सब्जी कारोबार की आड़ में तस्करी, 64 लाख की स्मैक बरामद

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। उत्तराखंड में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी और हल्द्वानी कोतवाली की संयुक्त टीम ने मंडी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी गेट के पास चेकिंग के दौरान 216 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 64.80 लाख रुपये बताई गई है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 नवंबर को पुलिस और एसओजी की टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश कुमार (30) पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

बुलंदशहर से खरीदकर लाया था स्मैक

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता है। अधिक पैसा कमाने के लालच में वह अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी लाया था। पुलिस के अनुसार आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई में एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। एसएसपी ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2,000 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad
Breaking News