भीमताल। भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
दौरे के दौरान मंत्री कैड़ा ने मटेला, कौड़ार, पस्या, नाई, भीड़ापानी, कचलाकोट, सुनकोट, गुरना और भेटी सहित कई गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मंत्री ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
भीड़ापानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों और समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग (PWD) और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत एवं सुधार कार्य में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के साथ सरकार लगातार विकास कार्यों को गति देने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रही है।




