VVIP मूवमेंट के बीच सुरक्षा एजेंसी के दफ्तर में चली गोली से मचा हड़कंप, वारदात के बाद घबराकर बाहर निकला आरोपी ड्राइवर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
उत्तराखंड के हरिद्वार में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही ड्राइवर ने कार्यालय के भीतर घुसकर गोली चला दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गंभीर रूप से घायल एसपी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए AIIMS रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस और आसपास क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब पौने दो बजे ड्राइवर विनोद नेगी एसपी सीपी नौटियाल के केबिन में पहुंचा। बताया जा रहा है कि वह उस समय गुस्से में नजर आ रहा था। कुछ ही देर बाद केबिन के भीतर गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर कार्यालय में मौजूद कर्मचारी दौड़कर केबिन की तरफ पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ड्राइवर घबराया हुआ बाहर निकलता दिखाई दिया। अंदर पहुंचने पर एसपी अपनी कुर्सी पर गिरे मिले और उनके सिर के पास खून बह रहा था। कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें संभाला और अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी विनोद नेगी संविदा पर ड्राइवर के रूप में तैनात था। वह अपने साथ बाहर से तमंचा लेकर कार्यालय पहुंचा था। घटना के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में काम के दबाव और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। हालांकि, हमले के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।







