हल्द्वानी। सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार की अनदेखी से नाराज देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने विरोध जताया है। 27 नवंबर को देहरादून में हुई कैबिनेट बैठक में सफाई कर्मचारियों के हित में कोई निर्णय नहीं लिए जाने पर संगठन ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सरकार की कार्यशैली की निंदा की।
शनिवार, 28 नवंबर को संघ की ओर से नगर आयुक्त आशिमा गोयल के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों की लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाने की मांग की गई।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों को स्वच्छ रखने और जनस्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनके हितों और समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। कैबिनेट बैठक से कर्मचारियों को उम्मीद थी कि सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय लेगी, लेकिन ऐसा नहीं होने से कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश है।
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग पत्र पर शीघ्र पुनर्विचार कर सफाई कर्मचारियों के हित में ठोस कदम उठाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो संगठन आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरदीप वाल्मीकि सरपंच, जयप्रकाश ब्रिगेडियर, रवि कुमार चंडालिया, शाखा अध्यक्ष अशोक चौधरी, शम्मी भाई, श्याम सुंदर, मनोज कुमार, जगपाल भाई सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







