Haldwani_जलभराव, गंदगी और टूटी सड़कों पर व्यापार मंडल ने उठाई आवाज

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी में ट्रांसपोर्ट नगर और शहर की अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष कुंदन बिष्ट के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट ए पी वाजपेयी से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए समस्याओं को बिंदुवार रखा और शीघ्र समाधान की मांग की।

व्यापार मंडल ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर की नालियां बंद होने से क्षेत्र में भीषण गंदगी फैल रही है। बरसात के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है और पानी दुकानों तक पहुंचने से व्यापारियों का सामान खराब हो रहा है। व्यापारियों ने कहा कि खराब ड्रेनेज व्यवस्था के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने हल्द्वानी महानगर में जगह-जगह खुदी सड़कों, बरसात में खराब हुई सड़क स्थिति और दुर्घटनाओं की आशंका पर भी चिंता जताई। व्यापारियों ने सड़क चौड़ीकरण कार्य की धीमी गति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता की सुविधा के लिए किए जा रहे कार्यों में जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही मुख्य बाजार की सड़कों का निर्माण कार्य त्योहारों से पहले पूरा करने की मांग भी रखी गई।

सिटी मजिस्ट्रेट ए पी वाजपेयी ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि व्यापार मंडल द्वारा उठाई गई मांगों पर संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई कराई जाएगी।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्स्वाण, प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, जिला महामंत्री प्रज्ञान भारद्वाज, ट्रांसपोर्ट नगर प्रभारी अश्मित गुजराल, विशाल जुनेजा, राजेश साहू, प्रभजोत चंडोक, भवानी शंकर जोशी, अंकित ऐरी, हरीश भंडारी, योगेंद्र बिष्ट, शुभम साह, कमल रुबाली, शेर सिंह मेहरा, रोहित साह, विक्की संधू सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Breaking News