हल्द्वानी। कला, अभिव्यक्ति और अभिनय की दुनिया में रुचि रखने वाले लोगों के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। काफल ट्री फाउंडेशन द्वारा आगामी 4 जुलाई से 18 जुलाई तक एक विशेष थिएटर एवं अभिनय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। सरस बाजार स्थित रमोलिया हाउस में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला का संचालन भारतेंदु नाट्य अकादमी से प्रशिक्षित वरिष्ठ रंगकर्मी ज्योति पाण्डेय करेंगी।
रमोलिया हाउस के संस्थापक सुधीर कुमार ने बताया कि कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को अभिनय की गहराइयों और मंचीय अभिव्यक्ति की बारीकियों से परिचित कराया जाएगा। प्रतिभागी विश्वप्रसिद्ध स्टैनिस्लावस्की और माइसनर अभिनय तकनीकों को समझने के साथ-साथ विभिन्न दृश्य-विश्लेषण, अभिनय अभ्यास और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संवाद अदायगी, भावनात्मक अभिव्यक्ति तथा मंच पर सहज प्रस्तुति की कला सीखेंगे।
उन्होंने बताया कि यह कार्यशाला केवल अभिनय तक सीमित नहीं होगी, बल्कि प्रतिभागियों के आत्मविश्वास को मजबूत करने और उनकी रचनात्मक क्षमता को निखारने का भी एक सशक्त माध्यम बनेगी।
‘डोंट शो द इमोशन, लिव द सिचुएशन’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यशाला का संयोजन हल्द्वानी के युवा रंगकर्मी अंकित चौधरी करेंगे। अंकित चौधरी ने ज्योति पाण्डेय के पिछले एक दशक के रंगमंचीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और प्रशिक्षण से प्रतिभागियों को अभिनय की व्यावहारिक समझ विकसित करने का दुर्लभ अवसर मिलेगा।
ज्योति पाण्डेय अब तक देश के विभिन्न शहरों में आयोजित 30 से अधिक नाटकों में अभिनय कर चुकी हैं तथा 5 नाटकों का सफल निर्देशन भी कर चुकी हैं। उन्होंने प्रतिष्ठित रंगकर्मी बंसी कौल और राजीव वर्मा जैसे दिग्गजों के साथ कार्य किया है। इसके अलावा बीएनए रंगमंडल सहित भोपाल और जबलपुर के विभिन्न रंगमंचीय समूहों के साथ उनका लंबा और समृद्ध अनुभव रहा है।
कार्यशाला में हर आयु वर्ग के इच्छुक प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपना पंजीकरण रमोलिया हाउस में करवा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि काफल ट्री फाउंडेशन समय-समय पर कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न आयोजनों का सफल संचालन करता रहा है।




