हल्द्वानी_ अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग अब सड़कों पर गूंज रही है। गुरुवार शाम हल्द्वानी के तिरंगा पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर अंकिता को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। इस दौरान सिक्किम के राज्यपाल नियुक्त किए गए दुष्यंत गौतम को लेकर भी सवाल उठाए गए।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना सिर्फ उसके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एक बेटी को खोने का दर्द उसके माता-पिता ही समझ सकते हैं। उनके संघर्ष और भावनाओं का सम्मान करते हुए मामले से जुड़े सवालों का निष्पक्ष समाधान होना चाहिए। कांग्रेस ने न्याय की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखने की बात कही।
गौरतलब है कि एक दिन पहले अंकिता भंडारी के माता-पिता दुष्यंत गौतम की राज्यपाल नियुक्ति के विरोध में दिल्ली के इंडिया गेट पर धरने पर बैठे थे। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने सुबह करीब चार बजे उन्हें वहां से हटा दिया। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी अंकिता के माता-पिता से मिलने पहुंचे थे।







