पशु आहार की बढ़ी दरों पर रोक, 55 हजार दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत

खबर शेयर करें -

पशु आहार की बढ़ी दरों पर लगी रोक, 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत

नैनीताल/लालकुआं_ बरसात, दैवीय आपदा और आगामी त्योहारी सीजन के बीच पशुपालकों पर बढ़ते आर्थिक दबाव को देखते हुए 14 सितंबर को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि का आदेश अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इस निर्णय से नैनीताल जिले के करीब 34 हजार और प्रदेशभर के करीब 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिली है।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि उन्होंने पशुपालकों की स्थिति को देखते हुए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र भेजकर दर वृद्धि के आदेश पर पुनर्विचार का आग्रह किया था। मामले का संज्ञान लेते हुए मंत्री ने सचिव डेयरी विकास विभाग और प्रबंध निदेशक यूसीडीएफ को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद दर वृद्धि संबंधी आदेश स्थगित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि 14 सितंबर के आदेश में पशु-पक्षी आहार, मिनरल मिक्सचर, कॉम्पैक्ट फीड और साइलेज-भूसा की दरों में वृद्धि के साथ अनुदान में भी संशोधन किया गया था। मौजूदा परिस्थितियों में इस बढ़ोतरी से पशुपालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका थी।

मुकेश बोरा ने पशुपालकों के हित में निर्णय लेने के लिए मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार जताते हुए कहा कि दर वृद्धि स्थगित होने से प्रदेश के हजारों दुग्ध उत्पादकों को तत्काल राहत मिली है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News