हल्द्वानी। कालाढूंगी रोड पर ऊंचा पुल के पास स्थित कार जोन सर्विस सेंटर में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग स्पेयर पार्ट्स स्टोर से पब्लिक लाउंज और बिलिंग काउंटर तक फैल गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दो वाटर टेंडर की मदद से दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सर्विस सेंटर संचालक विजय कुमार के मुताबिक, आग से सोफा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं बिलिंग काउंटर पर रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल किरार के अनुसार, आग बुझाने के लिए दमकल की टीम तत्काल मौके पर भेजी गयीं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।







