हल्द्वानी। चोरगलिया क्षेत्र से अचानक लापता हुई तीन बालिकाओं की तलाश में परेशान परिवारों के लिए आखिरकार राहत की खबर सामने आई। नैनीताल पुलिस ने लगातार कई दिनों तक की गई मेहनत, तकनीकी निगरानी, CCTV फुटेज और सर्विलांस की मदद से तीनों बालिकाओं को हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है।
तीनों के सकुशल घर लौटने की खबर मिलते ही लंबे समय से चिंता और बेचैनी में डूबे परिजनों के चेहरों पर राहत और खुशी लौट आई है। बेटियों को अपने सामने सुरक्षित देखकर परिवारों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील प्रयासों के लिए आभार जताया।
मामला 18 सितंबर का है। चोरगलिया निवासी एक परिवार ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी दो बेटियां सुबह करीब 7 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने स्कूल और आसपास के इलाकों में तलाश की तो पता चला कि दोनों बालिकाएं स्कूल पहुंची ही नहीं थीं।
तलाश आगे बढ़ी तो जानकारी मिली कि एक अन्य बालिका भी उनके साथ गई है। तीनों में दो नाबालिग और एक बालिग थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में FIR संख्या 45/2026, धारा 140(3) BNS के तहत अभियोग दर्ज किया गया। बालिकाओं की तलाश के लिए जनपद के सभी थानों और DCRB नैनीताल को सूचना दी गई। RT सेट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक स्तर पर जानकारी साझा की गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया और तीनों बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा और SOG प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तलाश शुरू की।
पुलिस ने चोरगलिया से लेकर हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर सहित संभावित मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एक-एक फुटेज और संभावित सुराग को जोड़ते हुए पुलिस टीम आगे बढ़ती रही।
CCTV में तीनों बालिकाएं एक साथ जाती हुई दिखाई दीं। इसके बाद तकनीकी निगरानी और सर्विलांस से मिले इनपुट ने पुलिस को उनके अगले ठिकाने तक पहुंचने में मदद की।
चोरगलिया से बद्दी तक पहुंची पुलिस की तलाश
लगातार प्रयासों और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस टीम को तीनों बालिकाओं की लोकेशन हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र में मिली।
24 सितंबर को नैनीताल पुलिस ने बद्दी से तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर चली गई थीं। पुलिस के अनुसार जांच और पूछताछ के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी की बात सामने नहीं आई और तीनों सुरक्षित मिलीं।
बरामदगी के बाद पुलिस ने बालिकाओं की काउंसलिंग की। नाबालिग बालिकाओं को BNSS की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए प्रस्तुत कराया गया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जिन परिवारों के लिए हर गुजरता घंटा चिंता बढ़ा रहा था, उनके लिए बेटियों की सकुशल वापसी किसी बड़ी राहत से कम नहीं रही। बेटियों को सुरक्षित अपने बीच पाकर परिजनों ने नैनीताल पुलिस का दिल की गहराइयों से आभार जताया।
ऑपरेशन को अंजाम देने और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में तारा सिंह राणा थानाध्यक्ष चोरगलिया, उ0नि0 गौरव जोशी, अ0उ0नि0 मनजीत सिंह , कानि0 मुस्तफा अंसारी , कानि0 भूपेन्द्र ज्येष्ठा SOG नैनीताल , म0का0 सुमन राणा शामिल रहे।





