उत्तराखंड : 4 साल की बच्ची का हत्यारा सूरज गिरफ्तार..

खबर शेयर करें -

हरिद्वार में चार साल की बच्ची को मनसा देवी सुरंग के पास रेलवे ट्रैक पर ले जाकर कथित तौर पर उसकी हत्या करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी सूरज को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि बच्ची 15 मई से गायब थी और तीन दिन बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था।

रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में झुग्गी में रहने वाले बच्ची के पिता बमबम दास ने घटना के बाद से उनके ही साथ रहने वाले सूरज के भी गायब होने के आधार पर उस पर शक जताया था. बच्ची के माता-पिता और आरोपी सूरज सभी कूड़ा बीनने का काम करते हैं. पूछताछ में सूरज ने बताया कि बमबम दास ने उसे अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था और उसके बाद उसकी बहुत पिटाई की थी।

आरोपी ने बताया कि पिटाई का बदला लेने के लिए वह दास की पुत्री को अपने साथ मनसा देवी सुरंग के पास रेलवे ट्रैक पर ले गया और उसके गले में पड़े धागे से ही गला दबाकर उसकी हत्या कर फरार हो गया. हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपी के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी न होने, उसके द्वारा मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किए जाने, उसकी प्रवृत्ति घुमक्कड़ होने तथा किसी से उसके करीबी ताल्लुकात न होने के कारण उसे पकड़ना एक बड़ी चुनौती थी।

उन्होंने बताया कि सूरज की तलाश में आस-पास की झुग्गी झोपडियों सहित हर की पैडी, सर्वानन्द घाट, विष्णु समस्त घाट, मोतीचूर, रायवाला ऋषिकेश में रह रहे लोगों से भी पूछताछ से की गयी. उन्होंने बताया कि आरोपी के सहारनपुर भागने की आशंका के मद्देनजर टीम ने हरिद्वार से सहारनपुर के बीच में करीब 600-700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच की जिसके बाद सूरज को लक्सर स्थित कबाडी बस्ती से शमशान घाट की ओर जाने वाली सड़क के पास बने खण्डहर से पकड़ा गया. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और गढ़वाल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक ने आरोपी को पकड़ने वाली टीम को क्रमशः पांच व 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News