32.70 लाख थालियां, 8 साल का सफर_जरूरतमंदों के लिए लगातार जारी थाल सेवा

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। जरूरतमंदों को मात्र ₹5 में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली थाल सेवा ने अपने 8 साल पूरे कर लिए हैं। डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल के पास लिटिल मिरेकल फाउंडेशन की ओर से संचालित यह सेवा साल के 365 दिन बिना रुके जरूरतमंदों की मदद कर रही है। 18 अक्टूबर 2018 को शुरू हुई इस सेवा के तहत अब तक 32 लाख 70 हजार थालियां परोसी जा चुकी हैं।

थाल सेवा की शुरुआत तत्कालीन आरएफसी और वर्तमान नैनीताल जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अपने हाथों से की थी। आठ साल बाद जिलाधिकारी के रूप में उन्होंने दोबारा थाल सेवा पहुंचकर टीम का उत्साह बढ़ाया और इस पहल को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

फाउंडेशन के संस्थापक दिनेश मानसेरा ने 11 लोगों की टीम के साथ इस सेवा की शुरुआत की थी। आज यह पहल जनसहयोग से लगातार आगे बढ़ रही है और अस्पताल आने वाले मरीजों के तीमारदारों समेत जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध करा रही है।

इस अवसर पर थाल सेवा के अध्यक्ष उमंग वासुदेवा सहित राजीव बग्गा, राजीव वाही, राहुल वार्ष्णेय, प्रवीण मित्तल, अतुल वर्मा, संजय बग्गा, सरयू प्रसाद, महेंद्र सिंह, दिनेश आर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News