SIR में फार्म-10 की आपत्तियों को लेकर प्रदेश समाजवादी पार्टी प्रभारी मतीन सिद्दीकी ने डीएम से की शिकायत

खबर शेयर करें -

SIR में फार्म-10 पर दर्ज आपत्तियों को लेकर सपा ने डीएम से की शिकायत

हल्द्वानी, 15 अगस्त। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के दौरान फार्म संख्या-10 के माध्यम से दर्ज की जा रही आपत्तियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने चिंता जताई है। पार्टी की ओर से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत भेजकर मामले की जांच कराने और मतदाताओं की शिकायतों का समाधान करने की मांग की गई है।

समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश प्रभारी हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने शिकायत में कहा कि निर्वाचन टीमों द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सूचियों का सत्यापन किया जा रहा है। इसी दौरान कुछ मतदाताओं के नामों पर फार्म संख्या-10 के माध्यम से आपत्तियां दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

शिकायत के अनुसार, कई ऐसे मतदाताओं का कहना है कि उन्होंने स्वयं अथवा उनके परिवार के किसी सदस्य ने उनके नाम पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई है। इससे मतदाताओं में भ्रम और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है।

सपा ने आशंका जताई कि यह स्थिति तकनीकी त्रुटि, गलत प्रविष्टि अथवा किसी अन्य व्यक्ति द्वारा जानबूझकर या अनजाने में की गई कार्रवाई के कारण उत्पन्न हो सकती है। पार्टी ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की जांच कराने, जिन आपत्तियों की पुष्टि संबंधित मतदाता ने नहीं की है उनकी नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई कराने तथा आम जनता को इस संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।

सपा ने कहा कि मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित न हों, इसके लिए निर्वाचन प्रक्रिया में सामने आ रही ऐसी विसंगतियों का समय रहते निराकरण जरूरी है।

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News