देहरादून में सनसनीखेज वारदात: महिला को गोली मारने के बाद युवक ने खुद को शूट किया_मौत…

खबर शेयर करें -

देहरादून में विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने महिला को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है और उसे देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, चकराता निवासी कमलेश ने त्यूणी निवासी संगीता पर तमंचे से फायर किया। गोली महिला की कनपटी को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद कमलेश ने अपनी कनपटी पर गोली मार ली। घटना के समय महिला के दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे।

सुबह करीब 10:15 से 10:20 बजे के बीच गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस ने दरवाजे की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

कमरे के अंदर कमलेश और संगीता दोनों खून से लथपथ पड़े मिले। जांच में पता चला कि कमलेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि संगीता की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल विकासनगर के लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

प्रेम प्रसंग की आशंका

प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, कमलेश और संगीता दोनों ही शादीशुदा थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि कमलेश का संगीता के घर पर अक्सर आना-जाना था। इसी आधार पर पुलिस इस घटना को आपसी संबंधों से जोड़कर जांच कर रही है।

फॉरेंसिक जांच जारी

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट्स और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मौके से तमंचा भी बरामद कर लिया है, जिससे फायरिंग किए जाने की आशंका है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट और घायल महिला के होश में आने के बाद दर्ज होने वाले बयान के आधार पर ही हो सकेगा।

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News