हल्द्वानी – विद्या मंदिरों के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को हल्द्वानी में हुई। इसमें पूरे उत्तराखंड से पहुंचे प्रधानाचार्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक में परिचय एवं अनुभव साझा करने, कार्यकारिणी गठन तथा दिवंगत प्रधानाचार्यों को श्रद्धांजलि देने के सत्र आयोजित किए गए।
कार्यकारिणी में सोमप्रकाश बलौदी (कोटद्वार) को अध्यक्ष, तारा सिंह रावत (बागेश्वर) और कुंज बिहारी भट्ट (कोटद्वार) को उपाध्यक्ष, खीम सिंह बिष्ट (हल्द्वानी) को मंत्री, राजेंद्र पांडे (ऋषिकेश) को संगठन मंत्री,उदय राज सिंह चौहान (हरिद्वार) को सह मंत्री तथा सतीश दुर्गापाल को कोषाध्यक्ष नामित किया गया। सात अन्य सदस्यों को संस्थापक सदस्य बनाया गया।
बैठक में समिति के पंजीकरण पर विचार-विमर्श करते हुए अगली बैठक जनवरी में हरिद्वार में आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। अंत में दिवंगत प्रधानाचार्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कल्याण मंत्र के साथ बैठक का समापन हुआ।





