हल्द्वानी। बागेश्वर में खड़िया खनन से जुड़े विवाद को लेकर प्रभावित पट्टाधारकों के समर्थन में आवाज उठाई गई। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और प्रभावित अनुसूचित जाति के लोगों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रशासनिक कार्रवाई के चलते कई लोगों का रोजगार छिन गया है और उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
इस दौरान जी.आर. टम्टा ने कहा कि किसी के साथ जाति के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। कार्रवाई निष्पक्ष जांच और समान नियमों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित लोगों के रोजगार और सम्मानजनक जीवन के अधिकारों की रक्षा की मांग की।
ज्ञापन के जरिए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और प्रभावित परिवारों की आजीविका बहाल करने की मांग उठाई गई।
इस दौरान मुकेश चन्द्र बौद्ध, नफीस अहमद खान, सुंदरलाल, वीरेंद्र कुमार, आर.पी. गंगोला सहित कई लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह लड़ाई प्रभावित परिवारों के रोजगार, सम्मान और संवैधानिक अधिकारों के लिए है।







