नैनीताल_ युवा मतदाताओं को SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण की जानकारी देने और मतदाता सूची के सत्यापन में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय, भीमताल में “शंका समाधान संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण और क्विज प्रतियोगिता के जरिए लोकतंत्र, मतदान और जिम्मेदार नागरिकता पर अपनी समझ दिखाई।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नैनीताल, नोडल अधिकारी स्वीप/मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य शिक्षा अधिकारी/जिला समन्वयक स्वीप के निर्देशन में स्वीप टीम नैनीताल की ओर से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन ग्राफिक एरा के डॉ. अमित मित्तल और डॉ. संतोषी ने किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भाषण प्रतियोगिता और क्विज प्रतियोगिता रही। विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक सहभागिता और जिम्मेदार नागरिकता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। वहीं क्विज के जरिए विद्यार्थियों से SIR और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद किया गया। SIR को लेकर युवा मतदाताओं के मन में मौजूद सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। उन्हें समझाया गया कि मतदाता सूची का सत्यापन और सही जानकारी दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए कितना महत्वपूर्ण है।
विद्यार्थियों को मतदाता सूची के सत्यापन और अपडेट में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इसे जीवंत और प्रभावी बना दिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम में स्वीप टीम नैनीताल की ओर से राकेश लाल वर्मा, डॉ. प्रदीप उपाध्याय, श्रीमती मीनाक्षी कीर्ति और श्रीमती लक्ष्मी पांडेय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।





