100% एसआईआर पूरा करने वाली पहली बीएलओ बनीं पुष्पा कुमारी

खबर शेयर करें -

Nainitallive

Nainital/रामनगर –
“पंखों से नहीं, हौसलों से उड़ान होती है”,, इस कहावत को चरितार्थ करते हुए रामनगर की बीएलओ एवं जीजीआईसी की खेल शिक्षिका पुष्पा कुमारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वह रामनगर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अपना एसआईआर कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने वाली पहली बीएलओ बन गई हैं।

वार्ड संख्या-5 के भाग संख्या-31 अंतर्गत ज्वाला लाइन, बजाजा लाइन, गांधी गली, नई लाइन और सराय गली क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रही पुष्पा कुमारी ने प्री-एसआईआर से लेकर अंतिम चरण तक लगातार मेहनत करते हुए 850 मतदाताओं के डबल फॉर्म सहित कुल 1700 फॉर्म भरकर अपना लक्ष्य समय से पहले पूरा कर लिया। शनिवार को उन्होंने अपनी उपलब्धि की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी रामनगर गोपाल सिंह चौहान को सौंप दी।

उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और इसे अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

पुष्पा कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय उपजिलाधिकारी रामनगर, बीएलओ ऑब्जर्वर अखिलेश मेंदोलिया, विनोद कुमार चौपड़ा, जीजीआईसी की लिपिक नेहा शर्मा, वार्ड सभासद शिवि अग्रवाल, समाजसेवी डॉ. जफर सैफी, भाजपा की बीएलए ममता गर्ग, कांग्रेस के बीएलए जहीर अब्बास तथा क्षेत्र के मतदाताओं को दिया।

उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए उन्हें निजी जीवन में भी बड़ा त्याग करना पड़ा। अपनी छह वर्षीय पुत्री दार्शी गुसाईं को उन्होंने अपने शिक्षक पति कुलदीप सिंह गुसाईं के साथ पैतृक गांव भेज दिया, ताकि वह पूरी एकाग्रता के साथ एसआईआर कार्य को पूरा कर सकें।

अभियान के दौरान उन्हें वार्ड की दो मानसिक रूप से अस्वस्थ मां-बेटी के दस्तावेजों को लेकर विशेष चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और उनका फॉर्म भी सफलतापूर्वक भरवाया।

पुष्पा कुमारी ने सभी मतदाताओं, सहयोगियों और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग और टीम भावना के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।

यह उपलब्धि न केवल उनकी कार्यनिष्ठा और समर्पण का प्रमाण है, बल्कि यह दर्शाती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कर्तव्यनिष्ठा से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

PushpaKumari

FirstBLOToCompleteSIR

SIR2026

WomenPower

ElectionDuty

RamnagarNews

Breaking News