फर्जी पत्रकारों और सोशल मीडिया दुरुपयोग के खिलाफ सख्त एक्शन की तैयारी

खबर शेयर करें -

जनपद नैनीताल के हल्द्वानी में आज श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के पदाधिकारियों और क्षेत्र के पत्रकारों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पत्रकारों ने एक ज्ञापन सौंपते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते दुरुपयोग और पत्रकारों की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

जिलाध्यक्ष सर्वेन्द्र बिष्ट और जिला महामंत्री भूपेंद्र रावत के नेतृत्व में पहुंचे पत्रकारों ने बताया कि एक व्यक्ति, जो खुद को पत्रकार बताता है, कथित रूप से अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त है और हाल ही में बुद्ध पार्क में एक प्रिंट मीडिया पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। इस तरह की घटनाएं न केवल पत्रकारों की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में भी गलत संदेश देती हैं।

पत्रकारों ने यह भी मुद्दा उठाया कि कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूब चैनल संचालक व्यक्तिगत लाभ और लोकप्रियता के लिए पत्रकारों के खिलाफ भ्रामक और अपमानजनक सामग्री प्रसारित कर रहे हैं। इससे न सिर्फ व्यक्तिगत प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है, बल्कि मीडिया की विश्वसनीयता भी सवालों के घेरे में आ रही है।

पत्रकार यूनियन की प्रमुख मांगें

भ्रामक और अपमानजनक सामग्री फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स और यूट्यूब चैनलों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए।

आईटी एक्ट और अन्य संबंधित कानूनों के तहत दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।

भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

एसएसपी का आश्वासन “जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी

इस पूरे मामले पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों की गरिमा और सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की छवि खराब करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी संदिग्ध अकाउंट्स और व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जनपद में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

मीडिया की विश्वसनीयता बचाने की चुनौती

आज के डिजिटल दौर में जहां सोशल मीडिया सूचना का प्रमुख माध्यम बन चुका है, वहीं इसका दुरुपयोग एक गंभीर चुनौती के रूप में उभर रहा है। ऐसे में प्रशासन और पत्रकारों के बीच समन्वय बेहद जरूरी हो जाता है, ताकि सच्ची और जिम्मेदार पत्रकारिता को संरक्षित रखा जा सके।

Breaking News