भाजपा पदाधिकारी द्वारा नितिन की हत्या_उत्तराखंड की शांति पर सीधा हमला – कांग्रेस

खबर शेयर करें -

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता नीरज तिवारी ने भाजपा के एक पदाधिकारी द्वारा नितिन लोहनी को गोली मारने की जघन्य घटना पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना न केवल अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं कानून के शासन पर सीधा हमला भी है। यह वारदात उत्तराखंड में भाजपा सरकार के संरक्षण में पनप रहे अपराधों और लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था की भयावह सच्चाई को उजागर करती है।

नीरज तिवारी ने कहा कि आज प्रदेश में बलात्कार, हत्या, छेड़छाड़, लूट और संगठित अपराध अपने चरम पर हैं। सत्ता से जुड़े लोग और भाजपा के प्रतिनिधि खुलेआम कानून को हाथ में ले रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। यह स्थिति सरकार की कार्यशैली और उसके तथाकथित “सुशासन” के दावों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नितिन लोहनी पर हुआ हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे समाज, कानून व्यवस्था और प्रदेश की शांति पर सीधा प्रहार है। भाजपा सरकार के “सुशासन” के दावे अब पूरी तरह खोखले साबित हो चुके हैं। देवभूमि उत्तराखंड को अपराधभूमि में बदलने का पाप भाजपा सरकार कर रही है, जो प्रदेश के भविष्य के लिए अत्यंत घातक है।

कांग्रेस पार्टी इस घटना की कड़े शब्दों में भर्त्सना करती है और मांग करती है कि दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि प्रदेश में कानून का भय स्थापित हो सके और जनता का विश्वास बहाल हो। – नीरज तिवारी
प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस

ADVERTISEMENTSAd Ad
Breaking News