हल्द्वानी के बनभूलपुरा में मर्डर, अमन ठाकुर की तार से गला घोंटकर हत्या

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी।बनभूलपुरा के जवाहर नगर वार्ड नंबर 14 में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब टीन शेड के एक कच्चे मकान से 29 वर्षीय अमन ठाकुर का शव बरामद हुआ। अमन मूल रूप से हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर का रहने वाला बताया जा रहा है और पिछले करीब 3-4 वर्षों से परवीना के परिवार के साथ रह रहा था। परवीना उसे अपना मुंहबोला बेटा मानती थी।

परवीना के आरोप के मुताबिक, मंगलवार रात उसका दामाद राजेंद्र उर्फ निक्की शराब के नशे में घर आया और अमन से मारपीट की। आरोप है कि उसने कशिश के साथ भी मारपीट की और अमन को धमकी देकर वहां से चला गया। परिवार के सो जाने के बाद उसके दोबारा घर में घुसने और तार से अमन का गला घोंटने का आरोप लगाया गया है।

बताया गया है कि निक्की को शक था कि अमन और उसकी पत्नी कशिश के बीच संबंध हैं। इसी शक को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

सुबह करीब 7 बजे परवीना ने अमन को काफी देर तक सोया देखकर चादर हटाई तो वह खून से लथपथ मिला। इसके बाद करीब 8 बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल के अनुसार, घटना के समय घर में मौजूद परिवार के लोगों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व जांच के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News