हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालय एमबीपीजी कॉलेज में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होना है। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं मौके पर पहुंचकर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
नामांकन के दौरान सामने आए हुड़दंग के बाद पुलिस इस बार किसी भी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है। कॉलेज परिसर से लेकर आसपास के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौराहों तक पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चुनाव की आड़ में बाहरी या अराजक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने, छात्रों को डराने-धमकाने अथवा विवाद पैदा करने की कोशिश को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
SSP ने दिए सख्त निर्देश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कॉलेज परिसर और आसपास लगातार निगरानी रखी जाए। प्रवेश द्वार, बैरियर और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग-फ्रिस्किंग प्रभावी तरीके से की जाए।
मोबाइल पुलिस टीमें लगातार गश्त करेंगी, जबकि ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी, ताकि अफवाह या भड़काऊ गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का फोकस अनावश्यक भीड़ को रोकने और जीरो जोन में वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह अंकुश रखने पर रहेगा।
पुलिस बल की बड़ी तैनाती
चुनाव की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चुनाव ड्यूटी में 06 GOs, 09 इंस्पेक्टर, 10 SO/SSI, 37 SI/IC/OP, 16 LSI, 30 अतिरिक्त SI, 33 HC, 77 कांस्टेबल और 34 महिला कांस्टेबल समेत अन्य बल शामिल रहेगा।
इसके अलावा ऐंटी-रायट टीम, आंसू गैस टीम, दो फायर यूनिट तथा IRB/PAC की एक कंपनी (डेढ़ सेक्शन) भी तैनात रहेगी।
पुलिस की ब्रीफिंग के बाद फ्लैग मार्च
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने एमबीपीजी कॉलेज सभागार में चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया। अधिकारियों को लिंगदोह कमेटी के मानकों का पालन, संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता, क्राउड कंट्रोल और मतगणना केंद्र पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के बाद पुलिस बल ने कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। इसका उद्देश्य पुलिस की मौजूदगी का संदेश देने के साथ ही छात्रों और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना रहा।
शहर में ट्रैफिक डायवर्जन, सुबह 6 बजे से लागू
छात्रसंघ चुनाव और मतगणना को देखते हुए 29 सितंबर को सुबह 6 बजे से मतगणना समाप्त होने तक हल्द्वानी में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
नैनीताल रोड के निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्र में छोटे-बड़े मालवाहक और अन्य निर्धारित वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए आगे जाएंगे। रामपुर रोड से आने वाले वाहनों को भी निर्धारित डायवर्जन के जरिए वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा।
पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर आने वाले वाहनों को भी नारिमन तिराहा से गोलापार रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली रोडवेज/केमू बसें नारिमन तिराहा से गोलापार रोड, इंद्रानगर गेट/शनि बाजार रोड होते हुए मंडी और सिंधी चौराहा के रास्ते रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाली बसें भी निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से संचालित होंगी।
काठगोदाम से आने-जाने वालों के लिए भी बदला रूट
काठगोदाम से हल्द्वानी की ओर आने वाले वाहनों को कॉलटैक्स/हाइडिल तिराहा से पंचक्की तिराहा, चंबल पुल, लालढांठ/ऊंचापुल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं आवास विकास तिराहा से आने वाले वाहनों को ठंडी सड़क और तिकोनिया चौराहे की ओर भेजा जाएगा।
हल्द्वानी से काठगोदाम की ओर जाने वाले वाहन तिकोनिया चौराहा, कैनाल रोड, कुल्यालपुरा चौराहा, पानी की टंकी और पंचक्की चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
पत्रकारों और पुलिसकर्मियों के लिए अलग पार्किंग
चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और पत्रकारों के वाहनों के लिए एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग का ही इस्तेमाल करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें।
ये क्षेत्र रहेंगे जीरो जोन
29 सितंबर को कुछ प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इनमें…
दुर्गा सिटी सेंटर तिराहा से महारानी होटल तिराहा तक ,, कुल्यालपुरा चौराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा तक,, कलावती चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा तक शामिल हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने साफ संदेश दिया है कि चुनाव की आड़ में हिंसा, धमकी, बाहरी तत्वों की दखलंदाजी या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





