क्वींस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिम्मेदारी का संकल्प लेकर छात्रों ने संभाली नई भूमिका

खबर शेयर करें -

नैनीताल, क्वींस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को गरिमामय पद स्थापना समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के नवनियुक्त 16 छात्र पदाधिकारियों ने अपने-अपने पद की गोपनीयता, अनुशासन और जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ ली।

विद्यालय में छात्र नेतृत्व को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में मुख्य छात्र नेता (हेड बॉय) के रूप में सुयश चंद और मुख्य छात्रा नेता (हेड गर्ल) के रूप में भूमिका आर्या को जिम्मेदारी सौंपी गई। अनुशासन प्रभारी प्रियांशु जोशी तथा सहायक अनुशासन प्रभारी विकास सिंह बनाए गए। खेल प्रभारी विवेक पाल और सहायक खेल प्रभारी वैष्णवी पटवाल को चुना गया। गतिविधि प्रभारी के रूप में तनिया मनराल तथा सहायक गतिविधि प्रभारी के रूप में दिव्यांशी पोखरिया ने पदभार ग्रहण किया।

सदन नेतृत्व की जिम्मेदारियां

नालंदा सदन के कैप्टन कोमल जोशी और सहायक कैप्टन हेमंत महेश्वरी बनाए गए। कलिंगा सदन का नेतृत्व हिमानी वर्मा को कैप्टन तथा आर्दिक कोहली को सहायक कैप्टन के रूप में सौंपा गया। मगध सदन की कैप्टन तनिष्का सिंह और सहायक कैप्टन हमजा कुरैशी चुने गए। पाटलिपुत्र सदन के कैप्टन भावेश वर्मा तथा सहायक कैप्टन साहिल बने।

समारोह के समापन पर विद्यालय के प्रबंधक आर.पी. सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अवसर छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे अपनी कार्यशैली, व्यवहार और समर्पण से विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।

इस अवसर पर प्रबंधक श्री आर.पी. सिंह, प्रबंधिका लिली सिंह, प्रशासनिक अधिकारी स्नेहा कार्की, प्रधानाचार्य डॉ. बी.बी. पांडे तथा समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी 16 कैबिनेट सदस्य विद्यालय के गौरव, अनुशासन और उत्कृष्ट परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेंगे।

Breaking News