Nainital_ रामनगर में 56 वर्षीय विमला देवी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस सनसनीखेज खुलासा किया है। पिता की हत्या का बदला लेने की सनक में सेना के एक जवान ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों ने महिला को घर में पीटने के बाद कार में डालकर धापला पुल ले जाकर पानी में डुबोया और बेरहमी से हत्या कर दी। नैनीताल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने महज 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मृतका विमला देवी का शव 10 नवंबर को छोई गांव में उनके घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल राजपूताना राइफल्स में तैनात है। करीब साढ़े तीन से चार साल पहले उसके पिता गोविंद सिंह की हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटों को आरोपी बनाया गया था और उन्हें जेल भी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए मोहित ने रामनगर खताड़ी निवासी सैरान और मोहम्मद अबूजर निवासी खताड़ी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। तीनों आरोपी विमला देवी के घर पहुंचे और लोहे के पने व डंडों से उन पर हमला कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने घायल महिला को कार में डाला और तेज आवाज में गाने बजाते हुए धापला पुल ले गए। वहां महिला को करीब आधे घंटे तक पानी में डुबोकर रखा। इसके बाद फिर पीट -पीट कर हत्या की गई। हत्या के बाद आरोपी शव को वापस लाए और घर के पास फेंककर फरार हो गए।
इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि विमला देवी की हत्या के बाद मुख्य आरोपी मोहित उनके दोनों बेटों को भी मारने के इरादे से चौखुटिया की ओर जा रहा था। हालांकि, पुलिस ने समय रहते घेराबंदी कर उसे रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया। इससे एक और बड़ी वारदात टल गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार, लोहे का पना और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि मामले में ठोस साक्ष्य जुटाकर प्रभावी पैरवी की जाएगी, ताकि दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।







