दूध के दामों में उबाल, 6 रुपये तक महंगा हुआ_रसोई का बजट बिगड़ेगा…

खबर शेयर करें -

त्योहारों बीतते ही आम आदमी की जेब पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 12 नवंबर यानि आज से लागू हो गई हैं। इसका सीधा असर रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों के बजट पर पड़ेगा।

कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी अमूल के फुल क्रीम भैंस के दूध में हुई है। इसकी कीमत 80 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं अमूल गोल्ड के दाम में 4 रुपये प्रति लीटर और अमूल ताजा के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। मदर डेयरी ने भी अपने अलग-अलग दूध वेरिएंट की कीमतें 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाई हैं।

चारे से लेकर ट्रांसपोर्ट तक बढ़ा खर्च

कंपनियों के मुताबिक, दूध की कीमतें बढ़ाने के पीछे पशुओं के चारे, खली, मक्का और अन्य खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतें प्रमुख वजह हैं। इसके अलावा दूध की पैकेजिंग, परिवहन और पेट्रोल-डीजल का खर्च भी बढ़ा है। कई इलाकों में कम और खराब बारिश के कारण पशुपालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा, जिससे दूध उत्पादन की लागत बढ़ गई।

किसानों को फायदा मिलने का दावा

अमूल की मूल संस्था GCMMF का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी का लाभ दूध उत्पादक किसानों तक पहुंचेगा। कंपनी के सहकारी मॉडल के तहत ग्राहकों से मिलने वाले हर एक रुपये में से करीब 80 पैसे दुग्ध उत्पादक किसानों को दिए जाते हैं। कंपनी के अनुसार, बीते एक साल में किसानों से दूध खरीदने की दरों में 4 से 5 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है।

दूध के दाम बढ़ने से जहां किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं आम परिवारों का मासिक बजट एक बार फिर बिगड़ सकता है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad
Breaking News