हल्द्वानी। गोरापड़ाव में 19 अगस्त को हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई डकैती के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल कार और 1.40 लाख रुपये की लूटी गई नकदी बरामद की है।
10-12 हथियारबंद बदमाशों ने दिया था वारदात को अंजाम
19 अगस्त की शाम 10 हथियारबंद बदमाशों ने KIA शोरूम के पीछे स्थित उनके कार्यालय/गैराज में घुसकर करीब 8 लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन-अंगूठियां लूट ली थीं। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की टीम ने शुरू की तलाश_घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित कीं। इसमें SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, विभिन्न थाना पुलिस, BDS/डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को शामिल किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों, सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की।
इससे पहले पुलिस मामले में यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
एयरपोर्ट के पीछे से दबोचे गए दो और आरोपी
अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस टीम ने 27 अगस्त को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहब सिंह उर्फ साबी (27) निवासी गज्जीपुर, थाना मिलक खानम, रामपुर और गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी (26) निवासी नूरपुर, थाना स्वार, रामपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने गोरापड़ाव डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
आरोपियों के पास से क्या-क्या मिला?
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 अवैध तमंचे, 315 बोर ,, 04 जिंदा कारतूस ,, ₹1,40,000 की लूटी गई नकदी वारदात में इस्तेमाल वरना कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक साहब सिंह के पास से ₹89,700 और गुरवन्त सिंह के पास से ₹50,300 बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार साहब सिंह उर्फ साबी के खिलाफ नानकमत्ता, केलाखेड़ा, दिनेशपुर और रामनगर थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी, बलवा, आगजनी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
वहीं गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ भी नानकमत्ता थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गोरापड़ाव डकैती कांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को ₹2,500 के पुरस्कार से सम्मानित किया।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में भी जुटी है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों और बरामदगी से गोरापड़ाव डकैती कांड की कड़ियां धीरे-धीरे जुड़ती जा रही हैं।
GorapadavRobbery #HaldwaniNews #NainitalPolice #CrimeNews #HaldwaniCrime





