शराब के नशे में हंगामा करने से रोकना एक व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हुआ। घर के पास नशे में उत्पात मचा रहे युवकों को रोकने पर विवाद इतना बढ़ा कि चाकू से हमला कर सिक्योरिटी गार्ड की हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भांजे समेत तीन लोग घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
घटना रुद्रपुर के रेशमबाड़ी क्षेत्र की है। 50 वर्षीय लीलाधर निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड थे। ड्यूटी से घर लौटते समय उन्होंने घर के पास शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को देखा। इसी दौरान उनके भांजे राहुल ने युवकों को हंगामा करने से रोका, जिस पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
भांजे को बचाने पहुंचे लीलाधर पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में राहुल, रामअवतार और अनुज भी घायल हो गए। चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का उपचार जारी है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में फोर्स तैनात की। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से जानकारी ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। फिलहाल फरार हमलावरों की तलाश जारी है।







