यूसीसी के प्रावधानों के खिलाफ पहाड़ी आर्मी ने हस्ताक्षर अभियान चलाया

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। बुद्ध पार्क में आज पहाड़ी आर्मी ने उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) 2025 के खिलाफ एक जन जागरण और हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। अभियान का नेतृत्व संगठन के महानगर अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय ने किया, जिसमें तिकोनिया के आसपास हजारों लोगों तक विरोध का संदेश पहुंचाया गया।

संगठन के युवा जिलाध्यक्ष मोहित राणा और सचिव गौरव गोस्वामी ने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप को कानूनी मान्यता देने से पहाड़ी हिंदू संस्कृति का नुकसान हो रहा है। उन्होंने बाहरी लोगों को एक वर्ष में स्थाई निवास प्रमाणपत्र देने के निर्णय का भी विरोध किया, जो उनके अनुसार पहाड़ी हिंदुओं के नौकरी, भूमि संसाधन और अन्य अधिकारों को नकारता है।

संगठन महामंत्री विनोद शाही ने यूसीसी कानून की आलोचना करते हुए कहा कि यह बहुसंख्यक समुदाय के खिलाफ है और केवल अल्पसंख्यकों को विशेष सरकारी योजनाओं का लाभ देता है। इस अवसर पर जिला प्रभारी हिमांशु शर्मा और युवा नगर अध्यक्ष विनोद नेगी ने भी अपने विचार रखे, यह बताते हुए कि यह कानून अन्य राज्यों में लागू नहीं हुआ है।

वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि धामी सरकार ने इस कानून को वापस नहीं लिया, तो पहाड़ी क्षेत्र में विद्रोह हो सकता है। इस अभियान में करीब 150 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर आंदोलन का समर्थन दिया।

अभियान का अगला चरण कल कालाढूंगी चौराहा पर अपराह्न 3 बजे से शुरू होगा। इस अवसर पर भगवंत सिंह राणा, पंकज जोशी, सतीश फुलारा, संजय परगाई सहित कई अन्य नेता उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News