नक्शा पास कराने का गोल्डन चांस, हल्द्वानी में 2 जुलाई को लगेगा स्पेशल कैम्प

खबर शेयर करें -

भवन मानचित्र स्वीकृति हेतु 2 जुलाई को हल्द्वानी में आयोजित होगा एक दिवसीय शिविर

हल्द्वानी : जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम तथा नगर पालिका परिषद रामनगर क्षेत्रान्तर्गत भवन मानचित्रों की स्वीकृति के लिए एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर दिनांक 02 जुलाई (बुधवार) को पूर्वाह्न 11:00 बजे से प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय,हल्द्वानी (उपजिलाधिकारी कार्यालय परिसर) में आयोजित होगा।

प्राधिकरण के सचिव विजयनाथ शुक्ल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को भवन मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया में सहजता और त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। इस शिविर में आवेदनकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत भवन मानचित्रों की जाँच कर मौके पर ही उनका निस्तारण किया जाएगा और स्वीकृति प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सचिव ने बताया कि भवन मानचित्रों की स्वीकृति के दौरान कई प्रकरणों में संबंधित विभागों की अनापत्तियों की आवश्यकता होती है। ऐसे मामलों (क्रिटिकल प्रकरणों को छोड़कर) में विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति के साथ मौके पर ही अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत किए जाएंगे, जिससे मानचित्रों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित शिविर में निम्नलिखित विभागों के अधिकारियों या उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की अनिवार्य उपस्थिति आवश्यक है:

  • नगर निगम, हल्द्वानी
  • नगर पालिका परिषद, रामनगर
  • संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार
  • लोक निर्माण विभाग (PWD)
  • सिंचाई विभाग
  • राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण
  • जल संस्थान
  • विद्युत विभाग
  • उद्यान विभाग
  • अग्निशमन विभाग

सभी संबंधित विभागों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समय पर शिविर में प्रतिभाग करें ताकि भवन निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को समाप्त कर आमजन को त्वरित सेवा प्रदान की जा सके।

प्राधिकरण द्वारा आम नागरिकों, भवन स्वामियों, आर्किटेक्ट्स एवं नक्शा तैयार करने वाले अभिकर्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि को अपने सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों ताकि उनके प्रकरणों का तत्काल समाधान हो सके।

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News