गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी में मेयर प्रत्याशी के रूप में महत्त्वाकांक्षी योजनाओं का ऐलान किया

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मेयर प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट ने आज भाजपा कुमाऊं संभाग कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इस मौके पर उन्होंने कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, लालकुआं विधायक मोहन सिंह बिष्ट और निवर्तमान मेयर जोगेंद्र सिंह रौतेला के साथ मौजूद रहे।

पत्रकार वार्ता में गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि भाजपा के निवर्तमान मेयर जोगेंद्र सिंह रौतेला द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजनाओं, जैसे गैस पाइपलाइन, पीने का पानी और सीवर लाइन के कार्यों को सहेजना तथा निर्धारित समय पर पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने आगे बताया कि हल्द्वानी तहसील परिसर में 370 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित “नमो भवन” का निर्माण किया जाएगा, जिसमें प्रशासनिक कार्यालयों के साथ एक ऑडिटोरियम और पार्किंग की सुविधा होगी।

गजराज सिंह बिष्ट ने कांग्रेस प्रत्याशी पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी को राज्य आंदोलनकारी कहलाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, “यदि उनमें थोड़ी भी शर्म है तो उन्हें अपने नाम के आगे ‘राज्य आंदोलनकारी’ लिखना बंद कर देना चाहिए।”

इस दौरान, निवर्तमान मेयर जोगेंद्र रौतेला ने अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि हल्द्वानी नगर निगम ने 90 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य रिकॉर्ड समय में पूर्ण किए हैं।

विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि नगर निगम में निरंतर विकास के लिए भाजपा का मेयर चुना जाना आवश्यक है, जबकि विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी की जीत के साथ हल्द्वानी में ट्रिपल इंजन सरकार होगी।

पत्रकार वार्ता में भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, चुनाव प्रभारी मनोज पाल, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत सहित कई अन्य नेतागण उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad Ad
Breaking News