सड़क से सोलर तक, पानी से पढ़ाई तक_सौड़ में विधायक और अधिकारी एक्टिव मोड में..

खबर शेयर करें -

Nainitallive

नैनीताल/कोटाबाग। क्षेत्र की सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर राजकीय इंटर कॉलेज सौड़, विकासखंड भीमताल में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत और नैनीताल विधायक सरिता आर्य ने की। इसके बाद क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।

सड़कों के लिए करोड़ों के प्रस्ताव पर तेजी

पंगोट-घुग्घू-सिंगड़ी मार्ग की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार करीब 2.74 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

वहीं PMGSY मार्ग के क्षतिग्रस्त करीब 500 से 700 मीटर हिस्से की मरम्मत के लिए मार्ग को एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार हस्तांतरित करने, संशोधित प्रस्ताव तैयार करने और पर्याप्त बजट के लिए इसे राज्य योजना में शामिल कराने को कहा गया।

छड़ा मार्ग के करीब 2.5 किलोमीटर छूटे हिस्से का काम भी पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

बिजली के लिए सोलर प्रोजेक्ट का प्लान

बुधलाकोट क्षेत्र में वन क्षेत्र के कारण नई बिजली लाइन बिछाने में आ रही दिक्कत को देखते हुए विद्युत विभाग और उरेडा को करीब 4.5 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा आधारित विशेष परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

कुनखेत तोक में बिजली लाइन का काम बारिश का मौसम खत्म होते ही शुरू कराने को भी कहा गया।

हरियाला मार्ग के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर CDO ने ठेकेदार के खिलाफ अनुबंधीय प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर अनुबंध निरस्त करने को भी कहा गया।

बुधलाकोट-पंगोट मार्ग के लिए वन क्षेत्र और पेड़ों को कम से कम नुकसान हो, इसके लिए वैकल्पिक अलाइनमेंट का नया सर्वे कराने और संशोधित प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।

स्कूल में विज्ञान वर्ग और गांवों में पानी पर फोकस

राजकीय इंटर कॉलेज सौड़ में विज्ञान वर्ग की कक्षाएं शुरू करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। CDO ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव शासन को तत्काल भेजने के निर्देश दिए।

वहीं जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछने के बावजूद पानी की आपूर्ति शुरू नहीं होने पर जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों को तकनीकी बाधाओं को तत्काल दूर कर संबंधित परिवारों तक जल्द पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ग्राम सभाओं की खुली बैठकों में एडीओ स्तर के अधिकारियों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया कि जनहित के हर काम में समयबद्धता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

बैठक में उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग, विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

RuralDevelopment #NainitalDevelopment #UttarakhandNews #GroundZeroGovernance

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News