उत्तराखंड में आफत की बारिश : मकान के मलबे में दबे मां-बेटे की मौत, धारचूला में वैली ब्रिज ध्वस्त, 124 सड़कें बंद

खबर शेयर करें -

देहरादून/पौड़ी/पिथौरागढ़। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश के चलते भूस्खलन, मकान ढहने और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में भूस्खलन की चपेट में आए दो मंजिला मकान के मलबे में दबने से मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला को सुरक्षित बचा लिया गया।

वहीं पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान पहाड़ी से गिरे बोल्डरों की चपेट में आने से कुलागाड़ वैली ब्रिज ध्वस्त हो गया। इससे चीन सीमा को जोड़ने वाला धारचूला-गुंजी और कैलाश मानसरोवर मार्ग प्रभावित होने के साथ व्यास, दारमा और चौदास घाटियों का सड़क संपर्क भी कट गया है।

पौड़ी में बारिश ने छीनी तीन जिंदगियां

पौड़ी गढ़वाल के महरगांव में 18 अगस्त की सुबह बारिश के बीच एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय चार लोग मकान के अंदर मौजूद थे और मलबे में दब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और राहत-बचाव टीमों ने रेस्क्यू शुरू किया। एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तीन लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

रेस्क्यू के दौरान दो साल के बच्चे, 46 वर्षीय व्यक्ति और 70 वर्षीय महिला के शव मलबे से बरामद किए गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

124 सड़कें बंद, पहाड़ों में संपर्क प्रभावित

लगातार बारिश का असर उत्तराखंड के सड़क नेटवर्क पर भी पड़ा है। प्रदेश में 124 सड़कें बंद बताई जा रही हैं। इनमें एक एनएच (BRO), दो स्टेट हाईवे और कई ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।

पिथौरागढ़ के धारचूला में कुलागाड़ वैली ब्रिज टूटने से सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। यह पुल व्यास, दारमा और चौदास घाटियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग था।

नदियां चेतावनी स्तर के करीब

लगातार बारिश के बीच अलकनंदा, मंदाकिनी, गंगा और भागीरथी समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है और वे चेतावनी स्तर के करीब बह रही हैं।

कई इलाकों में भूस्खलन, जलभराव के साथ बिजली और पेयजल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

8 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के आठ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जबकि पौड़ी, चंपावत, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

खराब मौसम को देखते हुए पौड़ी गढ़वाल में सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?

20 अगस्त: रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना।

21 अगस्त: टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और देहरादून में भारी बारिश हो सकती है।

22 अगस्त: रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना।

ADVERTISEMENTSAd
Breaking News