नैनीताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को एक दिवसीय नैनीताल दौरे पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री श्री नयना देवी मंदिर पहुंचकर नंदा देवी महोत्सव में शामिल होंगे और मां नंदा-सुनंदा का आशीर्वाद लेंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी 22 सितंबर को दोपहर 2:30 बजे जीटीसी हेलीपैड, देहरादून से रवाना होकर शाम 3:30 बजे सेंट जोसेफ कॉलेज हेलीपैड, नैनीताल पहुंचेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 3:50 बजे श्री नयना देवी मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे नंदा देवी महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 5 बजे सेंट जोसेफ कॉलेज हेलीपैड से देहरादून के लिए रवाना होंगे।
नैनीताल में चल रहे नंदा देवी महोत्सव के बीच मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस स्तर पर भी तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।





