हल्द्वानी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को हल्द्वानी स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनता दरबार आयोजित कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान दूर-दराज के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, राजस्व और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे मंत्री के सामने रखे।
जनता दरबार में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया जा सके। कैबिनेट मंत्री ने 700 से अधिक मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों के जल्द निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट और समयबद्ध निर्देश दिए।
राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचे।
जनता दरबार में नगर आयुक्त हल्द्वानी, मुख्य विकास अधिकारी (DDO) नैनीताल, एसडीएम धारी, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव तथा बिजली, पेयजल समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




